Sat. Jan 17th, 2026

प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का इंतजार, फिलहाल शुष्क ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें

देहरादून : प्रदेश में इस सीजन बारिश और बर्फबारी न होने से सूखी ठंड ने मैदान से लेकर पहाड़ तक लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन में धूप निकलने के बावजूद सुबह और रात के समय तेज सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन महसूस की जा रही है। मैदानी इलाकों में कोहरा और शुष्क ठंड लोगों को खासा परेशान कर रही है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज और कल प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि बुधवार को देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार समेत नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जनपदों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के चलते सुबह के समय दृश्यता कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 16 से 19 जनवरी के बीच उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपद के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव के चलते प्रदेशभर में दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है।

उधर, सूखी ठंड का सबसे ज्यादा असर मैदानी जिलों में देखने को मिल रहा है। सुबह और देर रात चलने वाली सर्द हवाओं के कारण लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में रात के न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे और ठंड को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से वाहन चालकों से अपील की गई है कि कोहरे में धीमी गति से वाहन चलाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *