देहरादून-बागेश्वर में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, 26 जुलाई तक बिगड़े रहेंगे मौसम के हालात
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी राज्य के कई हिस्सों में तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और पिथौरागढ़ के कई इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि 26 जुलाई तक पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है।