शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में छह महिलाओं की मौत
बदायूं : उझानी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कछला-उझानी मार्ग पर फूलपुर के पास दो तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की कथित रेस के दौरान एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी गई, जिससे उसमें सवार छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ट्रैक्टर चालक निर्माणाधीन हाईवे पर एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ई-रिक्शा को पहले एक ट्रैक्टर ने टक्कर मारी और फिर दूसरे ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां चिकित्सकों ने छह महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। हादसे में ई-रिक्शा चालक सनी (32), डाल सिंह (58) समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
मृतकों में राजकुमारी (55), गंगाश्री (32), रेवती (80), प्रेम देवी (45), नारायणी देवी (32) और आरती शामिल हैं। अधिकांश महिलाएं कछला के मुरावन नगला मोहल्ले की रहने वाली थीं।
जानकारी के अनुसार, डाल सिंह के पुत्र कुंवर पाल का विवाह 29 जून को होना है। परिवार की महिलाएं शादी की पारंपरिक रस्म ‘भात’ मांगने के लिए पड़ोसी गांव गठोना जा रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद एक ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा चालक अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली घटनास्थल पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने छोड़े गए वाहन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे तथा बाद में राजकीय मेडिकल कॉलेज जाकर घायलों का हालचाल जाना। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चालकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।