सड़क हादसे में यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ आशु की मौत
सहसपुर : सोशल मीडिया पर बाइक राइडिंग और तेज रफ्तार के वीडियो बनाने का बढ़ता चलन युवाओं के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। सहसपुर के हिंदूवाला में यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ आशु की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के दौरान उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलमेट सिर से निकलकर दूर जा गिरा।
बताया गया कि आस मोहम्मद नई स्पोर्ट्स बाइक लेकर राइड पर निकले थे। इसी दौरान हिंदूवाला क्षेत्र में हादसा हो गया। दुर्घटना में उनकी मौत से परिवार में मातम पसर गया। नई बाइक को लेकर परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही समय में यह खुशी गम में बदल गई।
स्पोर्ट्स बाइक की तेज रफ्तार और सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने का चलन युवाओं में लगातार बढ़ रहा है। बाइक की क्षमता और गति का रोमांच कई बार सड़क सुरक्षा पर भारी पड़ जाता है। हाईवे पर तेज गति, अचानक ओवरटेकिंग और वीडियो बनाने के दौरान ध्यान भटकने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
आस मोहम्मद के हादसे ने यह भी सवाल खड़ा किया है कि केवल हेलमेट पहनना ही पर्याप्त सुरक्षा क्यों नहीं है। सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए निर्धारित गति सीमा का पालन, सुरक्षित दूरी बनाए रखना और वाहन चलाते समय सड़क पर पूरा ध्यान केंद्रित करना भी जरूरी है। हेलमेट दुर्घटना में सिर की चोट के खतरे को कम करने में मदद करता है, लेकिन तेज रफ्तार या भीषण टक्कर से बचाव की गारंटी नहीं देता।
सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो और फॉलोवर बढ़ाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना उचित नहीं है।
पुलिस की अपील के साथ यह हादसा युवाओं के लिए एक गंभीर संदेश भी छोड़ गया है कि सड़क पर कुछ पलों का रोमांच जीवनभर के पछतावे में बदल सकता है। सोशल मीडिया पर मिलने वाले व्यूज और फॉलोवर दोबारा हासिल किए जा सकते हैं, लेकिन हादसे में गई जान वापस नहीं लौटती।