Thu. Oct 15th, 2026

यूट्यूबर आतिफ की संदिग्ध मौत, गेस्ट हाउस के कमरे में मिला शव

रुड़की / देहरादून : पिरान कलियर में एक गेस्ट हाउस के कमरे से मुजफ्फरनगर के रहने वाले यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के मुताबिक, आतिफ मुजफ्फरनगर जिले के निराना गांव का रहने वाला था और शहर में किराये के कमरे में रहता था। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रह रहा था। किसी बात को लेकर युवती से उसकी अनबन हो गई थी। इसके बाद बुधवार रात करीब 11 बजे वह पिरान कलियर पहुंचा और वहां एक गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर ले लिया।

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर फंदे से लटककर जान देने की बात कही। इसके बाद युवती ने दूसरे मोबाइल फोन से वीडियो कॉल के जरिए आतिफ के भाई को स्थिति दिखाई। भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आतिफ के परिजन कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। परिजनों से मिली सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची, जहां कमरे के अंदर आतिफ का शव पंखे से लटका हुआ मिला।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *