उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय होगा 10-12 हजार!
देहरादून : उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के बाद अब उत्तराखंड में भी इनके मानदेय में वृद्धि की उम्मीद बढ़ गई है। प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही सरकार इस पर निर्णय ले सकती है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय बढ़कर 10 से 12 हजार रुपये प्रतिमाह या इससे अधिक हो सकता है। सहायिकाओं के मानदेय में भी इजाफा किया जाएगा।
वर्तमान में प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 9,300 रुपये और सहायिकाओं को 5,250 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। वर्ष 2021 में मानदेय में बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद से लगातार बढ़ती महंगाई को देखते हुए आंगनबाड़ी कर्मचारी संगठन मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
दीपावली से पहले मिल सकती है खुशखबरी
उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय 12 हजार रुपये किए जाने के बाद उत्तराखंड में भी मानदेय बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। सरकार के स्तर पर प्रस्ताव को लेकर मंथन चल रहा है। उम्मीद है कि दीपावली से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला हो सकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मानदेय में कितनी वृद्धि की जाएगी।
20,070 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत हैं कर्मी
उत्तराखंड में कुल 20,070 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। प्रत्येक केंद्र में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एक सहायिका तैनात है। महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में इनकी अहम भूमिका रहती है।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री **रेखा आर्या** ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हितों को लेकर पूरी तरह सजग है। पूर्व में भी उनके मानदेय में वृद्धि की गई है और अब फिर से बढ़ोतरी का प्रस्ताव विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
जिलेवार आंगनबाड़ी केंद्र
* हरिद्वार – 3,179
* ऊधम सिंह नगर – 2,388
* टिहरी – 2,017
* देहरादून – 1,907
* अल्मोड़ा – 1,860
* पौड़ी – 1,853
* नैनीताल – 1,416
* पिथौरागढ़ – 1,113
* चमोली – 1,078
* उत्तरकाशी – 1,052
* बागेश्वर – 834
* रुद्रप्रयाग – 692
* चंपावत – 681