Sat. Nov 14th, 2026

अंकिता भंडारी केस: उर्मिला सनावर का गांधीनगर में होगा नार्को टेस्ट

देहरादून : अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर चल रहे मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया गुजरात के गांधीनगर में पूरी की जाएगी। शुक्रवार को उर्मिला सनावर सीबीआई कोर्ट में पेश हुईं। अदालत पहुंचने से पहले उन्होंने हरिद्वार कोर्ट में अपने साथ हुए व्यवहार और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को लेकर कई गंभीर बातें कहीं।

मीडिया से बातचीत के दौरान उर्मिला सनावर ने आरोप लगाया कि जेल में उनके खाने-पीने की चीजों में कुछ मिलाया गया था, जिसके चलते उन्हें चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने खुद को इस पूरे मामले में व्हिसलब्लोअर बताते हुए दावा किया कि कथित वीआईपी का नाम उन्होंने ही सार्वजनिक किया था। उर्मिला ने कहा कि दिसंबर में देशभर की पुलिस उनके पीछे लगी हुई थी, लेकिन तमाम दबाव के बावजूद उन्होंने अपने बयान से पीछे हटने से इनकार कर दिया।

इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की जनता और अपने साथ हुए कथित व्यवहार को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। साथ ही मामले में अपनी भूमिका और अब तक की घटनाओं को लेकर भी कई दावे किए।

उर्मिला सनावर ने हरिद्वार में हुई अपनी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस, सरकार और कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि 26 अक्टूबर को नार्को टेस्ट की सुनवाई के सिलसिले में उन्हें देहरादून पहुंचना था। इससे पहले दर्शन भारती और डीएस रावत ने कथित तौर पर उन्हें प्रलोभन दिया था। उर्मिला के अनुसार, उन्हें स्कॉर्पियो-एन गाड़ी और 25 लाख रुपये देने की पेशकश कर 26 अक्टूबर को देहरादून नहीं आने के लिए कहा गया था।

उर्मिला ने दावा किया कि जब उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया तो रानीपुर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब मामले में उनके नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट को लेकर आगे की प्रक्रिया गुजरात के गांधीनगर में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *