मंडल-चोपता रोड पर सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दो जवान घायल
चमोली: बृहस्पतिवार को भारतीय सेना का एक वाहन मंडल से चोपता रोड पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दो जवान घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सेना के जवान सूर्य देवभूमि चैलेंज प्रतियोगिता के लिए नेटवर्किंग व्यवस्था करने के उद्देश्य से चोपता की ओर गए थे। कार्य पूरा करने के बाद जब वे चोपता से मंडल की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना स्थल पूरी तरह से निर्जन क्षेत्र में स्थित है, जहां मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं है।
इसी दौरान चोपता से गोपेश्वर की ओर सामान लेने जा रहे एक वाहन चालक की नजर सड़क के नीचे गिरे वाहन पर पड़ी। वह तुरंत नीचे उतरा और दोनों घायल जवानों को सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें निजी वाहन की सहायता से जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया।घायलों की पहचान जाबाज सिंह (29), पुत्र जय भगवान सिंह, निवासी भिवानी (हरियाणा) और धवन सिंह (23) के रूप में हुई है। दोनों जवान सेना की सिग्नल कंपनी में तैनात हैं।