Mon. Apr 20th, 2026

औली के जीएमवीएन गेस्ट हाउस फुल, निजी होटलों में भी 60% बुकिंग

चमोली: औली में क्रिसमस और नववर्ष के जश्न को लेकर पर्यटन गतिविधियां तेज होने लगी हैं। पर्यटकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए औली एक बार फिर साल के अंत में गुलजार होने की तैयारी में है। होटल बुकिंग के मौजूदा रुझान से अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में पर्यटक औली पहुंच सकते हैं।

गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के औली स्थित गेस्ट हाउस पहले ही पूरी तरह भर चुके हैं। निगम के स्की रिजॉर्ट, नंदा देवी और क्लाउड इन गेस्ट हाउस में 23 दिसंबर से 3 जनवरी तक के लिए बुकिंग फुल हो चुकी है। इन तीनों गेस्ट हाउसों में करीब 300 पर्यटकों के ठहरने की क्षमता है। इसके अलावा ज्योतिर्मठ स्थित जीएमवीएन गेस्ट हाउसों में भी पर्यटकों की बुकिंग लगातार बढ़ रही है।

औली में निजी होटलों में भी पर्यटकों की अच्छी मांग देखने को मिल रही है। निजी होटलों में लगभग 60 प्रतिशत तक कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं। औली क्षेत्र में जीएमवीएन और निजी होटलों को मिलाकर एक हजार से अधिक पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त हट और टेंट सुविधा भी मौजूद है। औली से नीचे सुनील गांव और टीवी टावर क्षेत्र के पास स्थित होटलों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।

औली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अंती प्रकाश शाह ने बताया कि हर दिन होटल बुकिंग का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। यदि आने वाले दिनों में बर्फबारी होती है तो होटल एक ही दिन में पूरी तरह भर सकते हैं। नए साल के जश्न को लेकर होटलों में विशेष तैयारियां की जा रही हैं, ताकि पर्यटकों को यादगार अनुभव मिल सके।

जीएमवीएन के प्रबंधक प्रदीप शाह ने बताया कि औली के तीनों गेस्ट हाउस पूरी तरह फुल हो चुके हैं और ओवर बुकिंग के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं। 31 दिसंबर की रात पर्यटकों के लिए बोन फायर, म्यूजिक सिस्टम और सांस्कृतिक माहौल की व्यवस्था की गई है। साथ ही पहाड़ी व्यंजनों में कोदे की रोटी, चैंसा, काफली, झंगोरे की खीर और चटनी जैसे पारंपरिक स्वाद भी परोसे जाएंगे।

इधर, औली में पर्यटकों का पहुंचना शुरू हो गया है। हालांकि अभी तक क्षेत्र में बर्फबारी नहीं हुई है, फिर भी वीकेंड के चलते रविवार को सुबह से ही पर्यटकों की आवाजाही बनी रही। बर्फ न होने से कुछ पर्यटक मायूस जरूर नजर आए, लेकिन प्राकृतिक सौंदर्य ने उनका मन मोह लिया। कई पर्यटक गोरसों तक भी पहुंचे, हालांकि वहां भी बर्फ नहीं है। फिलहाल पर्यटक घुड़सवारी, चेयर लिफ्ट और आसपास की प्राकृतिक वादियों का आनंद ले रहे हैं।

बेंगलुरू से आई अनुष्का और हरियाणा के सौरभ ने बताया कि वे पहली बार औली आए हैं और यहां की प्राकृतिक सुंदरता बेहद आकर्षक है। उनका कहना है कि यदि बर्फबारी हो जाए तो यात्रा और भी यादगार बन सकती है। मौसम में बदलाव को देखते हुए पर्यटकों को आने वाले दिनों में बर्फबारी की उम्मीद भी बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *