Tue. Jul 14th, 2026

बदरीनाथ मंदिर प्रकरण: सीसीटीवी में नोटों की गड्डी ले जाता दिखा आरोपी गिरफ्तार

चमोली / देहरादून: बदरीनाथ धाम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में फरार चल रहे कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने रविवार देर रात देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस टीम उसे पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बदरीनाथ ला रही है।

मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वित्तीय रिकॉर्ड, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में चढ़ावे की राशि के रखरखाव और जमा प्रक्रिया में अनियमितताओं के संकेत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस की विशेष टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

जांच के दौरान पुलिस ने बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। पुलिस के अनुसार, 25 जून की फुटेज में भी आरोपी कर्मचारी नोटों की गड्डी ले जाते हुए दिखाई दिया है। जांच टीम ने 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई को हुई चढ़ावे की गणना के सीसीटीवी रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर उनकी क्रमवार पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस ने मामले से संबंधित आंतरिक जांच रिपोर्ट और आवश्यक दस्तावेज भी बीकेटीसी से अपने कब्जे में लिए हैं। इसके साथ ही चढ़ावे की गणना प्रक्रिया में शामिल कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। दो जुलाई को हुई गणना के दौरान आरोपी समेत 12 से अधिक लोग गणना कक्ष में मौजूद थे, जिनमें कुछ स्थानीय साधु-संत भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद पूरे प्रकरण में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच की जाएगी। मामले से जुड़े सभी वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *