बांसुरी स्वराज पहली बार पहुंचीं मसूरी, विदुषी निशंक ने किया स्वागत
मसूरी : भाजपा की राष्ट्रीय नेता एवं लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज उत्तराखंड की सह-प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद पहली बार मसूरी पहुंचीं। उनके मसूरी आगमन पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की पुत्री तथा भारत के प्रथम लेखक गांव की निदेशक विदुषी निशंक ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों के बीच समसामयिक, सामाजिक और संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
गौरतलब है कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन ने बांसुरी स्वराज को गढ़वाल क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी के तहत वह इन दिनों गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों के दौरे पर हैं। अपने प्रवास के दौरान वह पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रही हैं। इन बैठकों में क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती, पार्टी की गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। साथ ही कार्यकर्ताओं से सुझाव एवं फीडबैक भी लिया जा रहा है।
मसूरी प्रवास के दौरान विदुषी निशंक ने बांसुरी स्वराज से मुलाकात को सुखद अनुभव बताते हुए कहा कि उनके साथ विभिन्न समसामयिक एवं महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने इस आत्मीय मुलाकात को सुखद और स्मरणीय बताया।