दीपावली से पहले पटाखा व्यापारियों पर GST का शिकंजा,जमा कराए 92 लाख
देहरादून : दीपावली के त्योहार को देखते हुए पटाखा कारोबारियों ने बड़े पैमाने पर आतिशबाजी का स्टॉक जुटाना शुरू कर दिया है। वहीं, इस कारोबार में कर चोरी की आशंका को लेकर राज्य कर विभाग भी सक्रिय हो गया है। विभाग की ओर से देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर में पटाखा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी और सर्वे की कार्रवाई की गई। इस दौरान छह फर्मों से कुल 92 लाख रुपये का कर जमा कराया गया।
आयुक्त कर उत्तराखंड प्रतीक जैन के निर्देश पर राज्य कर विभाग ने यह अभियान चलाया। इसके लिए राज्य कर देहरादून के संयुक्त आयुक्त अजय कुमार ने अलग-अलग टीमों का गठन किया था। टीमों ने पटाखा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, उपलब्ध स्टॉक और अन्य कारोबारी दस्तावेजों की जांच की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों के पास मौजूद अभिलेखों का मिलान किया। विभागीय कार्रवाई के बाद छह फर्मों से 92 लाख रुपये की धनराशि जमा कराई गई। अधिकारियों का कहना है कि दीपावली के दौरान पटाखों की मांग और बिक्री में काफी बढ़ोतरी होती है। ऐसे में कारोबारियों के लिए खरीद, बिक्री और स्टॉक का पूरा रिकॉर्ड रखना अनिवार्य है।
विभाग का उद्देश्य त्योहारी सीजन में होने वाली बिक्री पर नजर रखते हुए कर चोरी की संभावनाओं को रोकना और सरकारी राजस्व की सुरक्षा करना है। अधिकारियों के मुताबिक, कारोबारियों के दस्तावेजों का सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह कार्रवाई उप आयुक्त सुरेश कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक आयुक्त टीका राम चन्याल, कृष्ण कुमार, चंचल सिंह चौहान और अलीशा बिष्ट शामिल रहे। इनके अलावा राज्य कर अधिकारी कंचन थापा, यतीश सेमवाल, रामलाल जोशी, भूपेंद्र जंगपांगी, वीरेंद्र सिंह रावत और अनुज जैन समेत विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।