हर्रावाला रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण का स्वागत, समिति ने जताया आभार
देहरादून : हर्रावाला रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में किए जा रहे कार्यों का पर्वतीय वाहन समर्थन समिति और हर्रावाला रेलवे स्टेशन टैक्सी यूनियन ने स्वागत किया है। समिति ने सरकार, रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल से स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को बेहतर, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
समिति की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन देहरादून के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय यात्रियों के अलावा उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण, स्वच्छता व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता थी।
समिति ने कहा कि स्टेशन परिसर के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की पहचान भी मजबूत होगी। साथ ही इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों को भी अप्रत्यक्ष रूप से लाभ होगा।
पर्वतीय वाहन समर्थन समिति और टैक्सी यूनियन ने कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए उनके वाहन पूरी तरह तैयार हैं। समिति के अनुसार यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए टैक्सी यूनियन के चालक निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
समिति ने कहा कि स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों को मसूरी, धनौल्टी, चकराता, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, जोशीमठ और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और स्टेशन की कार्यप्रणाली पहले से अधिक व्यवस्थित होगी। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र के विकास और यात्री हित से जुड़े कार्यों में सहयोग करती रहेगी।