Sat. Jul 18th, 2026

कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा और सुविधाओं की समीक्षा, अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार : 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ पटरी मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दोनों अधिकारियों ने शंकराचार्य चौक से रुड़की तक पूरे कांवड़ मार्ग का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही अन्य सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन घाटों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की समय रहते पहचान कर स्थायी समाधान करने, मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई, पेड़ों की लॉपिंग, अंडरपास के खुले हिस्सों पर सुरक्षा जाली लगाने तथा पूरी सड़क को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत को अस्थायी शौचालयों की संख्या बढ़ाने, भंडारों और शौचालयों पर स्पष्ट दिशासूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं जल संस्थान को निर्बाध पेयजल आपूर्ति और विद्युत विभाग को पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी भीड़ नियंत्रण, सुचारु यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाने और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान वन विभाग, पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *