Sun. Apr 19th, 2026

निःशुल्क दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक सहायता शिविर में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया प्रतिभाग

देहरादून : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून स्थित अग्रवाल धर्मशाला में हर्षल फाउंडेशन एवं विभिन्न सहयोगी संस्थाओं द्वारा आयोजित निःशुल्क दिव्यांग सहायता एवं वरिष्ठ नागरिक सहायक उपकरण वितरण शिविर में प्रतिभाग किया। दो दिवसीय इस सेवा शिविर में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न चिकित्सा और सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हर्षल फाउंडेशन के पदाधिकारियों को उनके सेवाभाव और समाजहित में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पहले समाज में ‘विकलांग’ शब्द प्रचलित था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसे बदलकर ‘दिव्यांग’ जैसा सम्मानजनक नाम दिया गया, जिससे उनकी गरिमा और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

शिविर में कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर, बैसाखी, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, वॉकर, स्टिक, श्रवण-यंत्र, विशेष चश्मे सहित अनेक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए गए। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण, फिजियोथेरेपी, चिकित्सा परामर्श और विभिन्न बीमारियों की जाँच भी की गई। दिव्यांगजन के कौशल विकास एवं रोजगार सहायता से जुड़े कार्यक्रम भी शिविर का प्रमुख हिस्सा रहे। इस दौरान कार्यक्रम में वरिष्ठजनों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में रिटायर्ड न्यायमूर्ति राजेश टंडन, ब्रिगेडियर (सेनि) के.जी. बहल, संरक्षक अशोक विडलास, ट्रस्टी सचिव रमा गोयल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *