Tue. Apr 21st, 2026

मुख्यमंत्री धामी बोले– संत समाज संकट में आशा और संबल की किरण

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से डामकोठी, हरिद्वार में अखाड़ा परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर परिषद की ओर से उत्तराखंड में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹34 लाख की सहयोग राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही परिषद ने एक आपदा प्रभावित गांव को गोद लेने का संकल्प भी लिया। मुख्यमंत्री ने इसे सेवा और संवेदना का अनुकरणीय उदाहरण बताया और साधु-संत समाज के इस प्रयास की सराहना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की सेवा परंपरा में संत समाज का योगदान हमेशा अग्रणी रहा है। आपदा की इस कठिन घड़ी में उनका सहयोग न केवल पुनर्निर्माण में सहायक है बल्कि प्रभावित लोगों के लिए आशा और संबल की किरण भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से पुनर्वास और पुनर्निर्माण का कार्य कर रही है और समाज के विभिन्न वर्गों से मिल रहा सहयोग इन कार्यों को गति दे रहा है।

अखाड़ा परिषद के संतों ने भी मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने ग्राउंड जीरो पर जाकर प्रभावितों से सीधे संवाद कर राहत कार्यों की स्वयं निगरानी की है, जिससे प्रभावित परिवारों को यह विश्वास मिला है कि सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।

इस अवसर पर महानिर्वाणी अखाड़े के महंत रविंद्र पुरी महाराज, श्री पंचायती नया अखाड़ा उदासीन अध्यक्ष महंत धुनी दास जी, महामंडलेश्वर हरिचेतनानंद, बाबा हठयोगी, महा मंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश सहित अन्य संतजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *