मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का जन्मदिन आज, यमुनोत्री धाम में मांगी दीर्घायु की कामना
बड़कोट / देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में उनके लिए शुभकामनाओं और प्रार्थनाओं का दौर चला। बड़कोट स्थित यमुनोत्री धाम में मंदिर के पुजारियों ने विशेष पूजा-अर्चना कर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। वहीं, देहरादून में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाया।
यमुनोत्री धाम के रावल श्री पुरुषोत्तम उनियाल समेत अन्य पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना करते हुए प्रार्थना की गई। जन्मदिवस के मौके पर यमुनोत्री धाम में हुए इस धार्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री के लिए मंगलकामनाएं की गईं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की बधाई दी। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने राष्ट्र और समाज के हित में किए जा रहे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए उनके जीवन में यश और गौरव की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता से उत्तराखंड विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश शक्ति की सप्तधारा के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में उत्तराखंड की सामर्थ्य, संसाधनों और जनशक्ति को नए आयाम देने के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इस दिशा में मुख्यमंत्री धामी के सक्रिय योगदान को अहम बताया।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस को देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान के बच्चों के साथ मनाया। उन्होंने बच्चों के बीच केक काटा और उनके साथ समय बिताकर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन में नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए समान अवसर मिलना चाहिए।