Mon. Apr 20th, 2026

मुख्य सचिव की अपील—सैनिक परिवारों के कल्याण में आगे आएं नागरिक

चम्पावत/देहरादून : उत्तराखण्ड शासन के मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने अपने चम्पावत दौरे के दौरान जिला सभागार परिसर में भूतपूर्व सैनिकों से भेंट कर सशस्त्र सेना झंडा दिवस (Armed Forces Flag Day) के प्रति सम्मान प्रकट किया। उन्होंने वीर सैनिकों के अमूल्य योगदान को नमन करते हुए फ्लैग लगाया।

कार्यक्रम के दौरान जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने मुख्य सचिव को फ्लैग लगाकर Armed Forces Flag Day Fund (AFFDF) की महत्ता और उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि यह फंड सेवारत सैनिकों, शहीदों के परिजनों, युद्ध अथवा ड्यूटी के दौरान घायल हुए जवानों तथा उनके आश्रित परिवारों के पुनर्वास और आर्थिक सहायता में प्रयोग किया जाता है। वर्ष 1949 से प्रत्येक वर्ष 07 दिसंबर को पूरे देश में यह दिवस समर्पण, कृतज्ञता और सम्मान के भाव के साथ मनाया जा रहा है।

मुख्य सचिव ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे उन सैनिकों और उनके परिवारों के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाएँ, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा हेतु अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल प्रतीकात्मक आयोजन नहीं है बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए देशभक्ति और सामाजिक दायित्व निभाने का अवसर है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव ने कराटे खिलाड़ियों अनामिका विष्ट, अभिषेक कुवर, भावना अधिकारी, आरूष, अभीजित, प्रज्ञान साह, प्राची ओली, सांची मुरारी, जतीन जोशी तथा कोच दीपक सिंह को उत्कृष्ट प्रदर्शन और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।

समारोह में कुमाऊं मंडलायुक्त श्री दीपक रावत, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *