Mon. Apr 20th, 2026

अस्थि विसर्जन के दौरान भावुक हुआ देओल परिवार, शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई रस्में

हरिद्वार: दिवंगत फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र की अस्थियां बुधवार सुबह हरिद्वार में गंगा में विधि-विधान के साथ विसर्जित कर दी गईं। अंतिम संस्कार के बाद उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल अस्थि कलश लेकर हरिद्वार पहुंचे, जहां परिवारजनों के साथ परंपरागत पूजा-अर्चना की गई और गंगा में अस्थि प्रवाह किया गया।

अस्थि विसर्जन का पूरा कार्यक्रम अत्यंत गोपनीय रखा गया। परिवार ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और घाट पर मौजूद सीमित लोगों को भी किसी तरह की जानकारी साझा न करने के निर्देश दिए गए थे। सूत्रों के अनुसार, श्रवणनाथ नगर स्थित एक निजी होटल के पीछे घाट पर सुबह लगभग सात बजे धार्मिक कर्मकांड पूरे किए गए। पूजा के दौरान माहौल बेहद शांत और भावुक रहा।

अनुष्ठान संपन्न होने के बाद देओल परिवार बिना किसी औपचारिकता के घाट से होटल लौटा और वहां से सुरक्षा व गोपनीयता के बीच जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गया। पूरे कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की सार्वजनिक गतिविधि या मीडिया कवरेज की अनुमति नहीं दी गई।

गौरतलब है कि हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर को मुंबई में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनके निधन से फिल्म जगत और दुनियाभर के प्रशंसकों में शोक की लहर है। सनी और बॉबी देओल पिता के अंतिम संस्कार से लेकर हरिद्वार में हुए अस्थि विसर्जन तक निरंतर सभी रस्मों में शामिल रहे। बुधवार का यह क्षण परिवार के लिए बेहद भावुक और स्मृति से भरा साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *