सुबह-सुबह गोलीकांड से दहला क्लेमेनटाउन, 26 वर्षीय महिला की मौत
देहरादून : क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में एक 26 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला का शव एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से बरामद हुआ। वारदात के बाद मृतका के पति धीरज पंवार ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी की हत्या करने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम में धीरज पंवार नाम के व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कॉल करने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने फोन कॉल की लोकेशन के आधार पर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम एक प्लॉट तक पहुंची, जहां अंदर बने कमरे की जांच की गई।
कमरे के अंदर काजल (26) पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक महिला की मौत गोली लगने के कारण हुई है। घटना की सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य पहलुओं को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काजल और उसके पति धीरज पंवार के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। काजल अपने पति के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। मृतका के भाई अभिषेक का घर भी उसके घर के पास ही बताया जा रहा है। अभिषेक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच सोमवार सुबह काजल की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद से आरोपी पति धीरज पंवार फरार है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर धीरज के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ उसके मोबाइल और कॉल से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के समय घटनास्थल पर आरोपी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।
मृतका काजल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। शादी के बाद वह देहरादून में अपने पति के साथ रह रही थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजनों में भी मातम छा गया। पुलिस ने परिजनों से घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी ली है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और वारदात की पूरी परिस्थितियों की जांच में जुटी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा।