Fri. Jun 26th, 2026

मालदेवता में रेस्टोरेंट पर छापे को लेकर विवाद, संचालक ने लगाए गंभीर आरोप

देहरादून : मालदेवता रोड स्थित ‘कैफे 13 अप्रैल’ नामक फैमिली रेस्टोरेंट के संचालक ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि उनके रेस्टोरेंट में शराब पीना और धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद 24 जून 2026 की शाम करीब सात बजे मालदेवता चौकी प्रभारी दीपक पंवार निजी वाहन से तीन-चार पुलिसकर्मियों के साथ उनके प्रतिष्ठान पहुंचे और पूरे रेस्टोरेंट की गहन तलाशी ली। उस समय रेस्टोरेंट में कई परिवार भोजन कर रहे थे, जिससे ग्राहकों के सामने असहज स्थिति पैदा हो गई।

रेस्टोरेंट संचालक के अनुसार जब पुलिस को जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली तो उन्हें बताया गया कि किसी वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश पर शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने शिकायतकर्ता का नाम जानना चाहा, लेकिन पुलिस ने गोपनीयता का हवाला देते हुए जानकारी देने से इनकार कर दिया। संचालक का आरोप है कि विरोध करने पर चौकी प्रभारी ने चालान करने की बात कही, जबकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने चालान बुक न होने की बात कही।

संचालक ने आरोप लगाया कि मालदेवता चौकी से करीब दो किलोमीटर के दायरे में संचालित कई रेस्टोरेंटों में खुलेआम शराब परोसी जाती है, लेकिन उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। उनका दावा है कि यदि पुलिस सादे कपड़ों में उनके साथ जांच करे तो वह ऐसे प्रतिष्ठानों की पहचान करा सकते हैं, जहां नियमों का उल्लंघन हो रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में शराब परोसने वाले कुछ रेस्टोरेंटों से कथित रूप से मासिक वसूली की जाती है और जो ऐसा नहीं करते, उनके यहां बिना ठोस आधार के छापेमारी की जाती है। हालांकि इस आरोप के समर्थन में उन्होंने फिलहाल कोई साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया है। उनका कहना है कि वह आने वाले दिनों में ऐसे रेस्टोरेंटों के वीडियो संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे।

रेस्टोरेंट संचालक ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा भविष्य में पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर ही ऐसी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी भी उन्हें उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *