Fri. Jul 24th, 2026

के.के. कॉन्वेंट स्कूल में दैनिक समाचार पत्र पठन कार्यक्रम का आयोजन

सैदपुर: के.के. कॉन्वेंट स्कूल, सैदपुर में विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं शैक्षणिक विकास को ध्यान में रखते हुए दैनिक समाचार पत्र वाचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को देश-दुनिया की ताज़ा घटनाओं, खेलकूद, राजनीति, फिल्म जगत, विज्ञान तथा सामान्य ज्ञान से अवगत कराना था, ताकि उनमें नियमित समाचार पढ़ने की रुचि विकसित हो और उनकी सामान्य जानकारी में वृद्धि हो सके।

विद्यालय की प्रार्थना सभा में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों को इसहाक हुसैन ने दैनिक जागरण* समाचार पत्र का वाचन कर देश-विदेश की प्रमुख खबरों, खेल जगत, राजनीति, फिल्मी दुनिया तथा अन्य महत्वपूर्ण समसामयिक घटनाओं की जानकारी दी। वहीं जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों को ज़ीशान सिद्दीकी ने हिंदुस्तान समाचार पत्र के माध्यम से सरल एवं रोचक अंदाज़ में प्रमुख समाचार पढ़कर सुनाए।

विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं में भी अलग-अलग समाचार पत्रों का वाचन कराया गया, जिससे प्रत्येक छात्र-छात्रा को समाचारों की जानकारी प्राप्त हो सके। इस दौरान विद्यार्थियों ने समाचारों को बड़े ध्यान और उत्साह के साथ सुना तथा नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने की आवश्यकता और महत्व को समझा। बच्चों ने इस गतिविधि को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की इच्छा व्यक्त की।

विद्यालय के प्राचार्य फैसल खां ने कहा कि वर्तमान समय में समाचार पत्र विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण स्रोत हैं। इनके नियमित अध्ययन से भाषा पर पकड़ मजबूत होती है, सामान्य ज्ञान बढ़ता है तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने और समसामयिक घटनाओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पंकज शर्मा,मेराज अहमद एवं विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी विभिन्न समाचार पत्रों का वाचन कर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण खबरों से अवगत कराया। सभी शिक्षकों ने बच्चों को समाचारों का विश्लेषण करने, सही जानकारी ग्रहण करने तथा जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के ज्ञानवर्धक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे उनमें पढ़ने की आदत विकसित हो और वे समाज तथा देश-दुनिया की गतिविधियों से निरंतर जुड़े रहें।

रिपोर्ट : ज़ीशान सिद्दीकी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *