Tue. Apr 21st, 2026

डांडिया से मिलता है फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश: रेखा आर्या

रामनगर : नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम में शिरकत कर डांडिया नृत्य की गरिमा और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डांडिया नृत्य भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है, जो न केवल धार्मिक और सामाजिक उत्सवों में रंग भरता है, बल्कि धीरे-धीरे वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नवरात्र जैसे पावन पर्व पर डांडिया के माध्यम से लोगों को एक साथ लाने और समाज को उत्साह एवं उमंग से जोड़ने का एक अनूठा अवसर मिलता है।

मंत्री रेखा आर्या ने डांडिया नृत्य को सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि यह परंपरा समाज को एकजुट करती है और हमारी लोकसंस्कृति की जीवंतता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी आज डांडिया की धूम मची हुई है, जो इस बात का प्रमाण है कि हमारी संस्कृति और परंपराएं सीमाओं से परे जाकर विश्व स्तर पर भी लोकप्रिय हो रही हैं।

रेखा आर्या ने डांडिया को स्वास्थ्य और फिटनेस के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह नृत्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं है बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। डांडिया के माध्यम से जहां परंपरा और संस्कृति को संजोया जाता है वहीं यह युवाओं को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का भी संदेश देता है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि पारंपरिक उत्सवों को अपनाने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली से भी जोड़ें, ताकि समाज में सांस्कृतिक मूल्यों और स्वास्थ्य दोनों का संतुलन बना रहे।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रामनगर मंजू नेगी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रेखा रावत, इंद्र रावत, संजय नेगी, किरण मठपाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी भीड़ ने डांडिया नृत्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नवरात्रि महोत्सव को एक भव्य और यादगार रूप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *