Mon. Oct 12th, 2026

धामी कैबिनेट की बैठक में 13 प्रस्तावों पर मुहर, हरिद्वार को मिलेगा दूसरा मेडिकल कॉलेज

हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन में मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास समेत कई विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा हुई। कैबिनेट ने कुल 13 प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की।

बैठक में हरिद्वार में दूसरे मेडिकल कॉलेज की स्थापना और ईएसआई मेडिकल कॉलेज से संबंधित प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री वीरता पुरस्कार से जुड़े प्रस्ताव को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिली। हालांकि, बैठक में मंजूर किए गए सभी 13 प्रस्तावों का विस्तृत विवरण अभी सामने नहीं आया है।

हरकी पैड़ी में पूजा-अर्चना के बाद बैठक

कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरकी पैड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर आगामी कुंभ मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन की कामना की। इस दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री मेला नियंत्रण भवन पहुंचे और मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता की।

हर जिले में कैबिनेट बैठक कराने की पहल

प्रदेश सरकार ने राज्य के प्रत्येक जिले में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत पहली बैठक चंपावत जिले में आयोजित की गई थी, जबकि दूसरी बैठक के लिए हरिद्वार को चुना गया। कुंभ मेले की तैयारियों के लिहाज से भी हरिद्वार में हुई इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं, राज्य सरकार के सामने आगामी विधानसभा सत्र 30 अक्टूबर से पहले आहूत करने की समयसीमा भी है। ऐसे में कैबिनेट के फैसलों के साथ-साथ विधानसभा सत्र की तैयारियां भी सरकार के एजेंडे में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *