Tue. Oct 13th, 2026

दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में गंदगी ,चूहे-कॉकरोच मिलने पर कराया बंद

देहरादून : न्यू सर्वे रोड स्थित करणपुर के दून क्लब परिसर में संचालित हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। औचक निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट की रसोई और स्टोर रूम में सड़ी सब्जियां, कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री, कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी मिली। बर्तन धोने के स्थान पर गंदगी, जमा कूड़े और कई दिनों से पड़े जूठे बर्तनों की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंटa को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। संचालक अभय सिंह नेगी को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए 14 दिन का नोटिस भी दिया गया है।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी तथा खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट में छापा मारकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रसोई, फ्रीजर, खाद्य सामग्री के भंडारण स्थल, स्टोर रूम और बर्तन धुलाई क्षेत्र की जांच की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव से लेकर साफ-सफाई तक कई स्तरों पर लापरवाही सामने आई।

जांच के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू सहित कई सब्जियां खराब हालत में मिलीं। करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पहले गूंथा गया आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन तैयार करने की सामग्री भी रखी हुई थी। खाद्य पदार्थों को ढककर और सुरक्षित तरीके से रखने के बजाय खुले बर्तनों में रखा गया था। रसोई और मसालों की अलमारी में कॉकरोच तथा चूहे मिले। मसालों की कई थैलियां चूहों द्वारा कुतरी हुई थीं, जबकि स्टोर रूम में भी चूहों की मौजूदगी पाई गई।

रेस्टोरेंट के बर्तन धुलाई क्षेत्र में गंदगी का अंबार मिला। तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन पड़े थे और कूड़ा जमा था। नालियां जाम होने के साथ ड्रेनेज व्यवस्था भी खराब मिली। इसके अलावा प्रबंधन कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस के रिकॉर्ड, पेस्ट कंट्रोल के दस्तावेज और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की गुणवत्ता जांचने संबंधी रिपोर्ट भी टीम के सामने प्रस्तुत नहीं कर सका।

कार्रवाई के दौरान टीम ने पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम खराब सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट कराया। वहीं, पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने प्रतिष्ठित दून क्लब परिसर में इस तरह की लापरवाही को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि यहां विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्तियों सहित कई गणमान्य अतिथियों का आना-जाना रहता है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना बेहद आवश्यक है।

जारी नोटिस के तहत रेस्टोरेंट प्रबंधन को परिसर की पूरी तरह सफाई कराने, खराब खाद्य सामग्री का उचित निस्तारण करने, पेस्ट कंट्रोल कराने, नालियों की मरम्मत करवाने और पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने समेत सभी कमियों को दूर करना होगा। 14 दिन बाद दोबारा निरीक्षण कर सुधारों की जांच की जाएगी। निर्धारित समय में खामियां दूर नहीं होने पर रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *