Mon. May 4th, 2026

अवैध पटाखा गोदाम में विस्फोट, मलबे में तब्दील हुई पांच इमारतें

सीतापुर: जनपद के सदरपुर कस्बे में हुए विस्फोट में पांच इमारतें मलबे में तब्दील हो गई। बहरहाल दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि पटाखा बनाते समय धमाका हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सदरपुर कस्बे में पुत्तन मनिहार पुत्र सद्दीक का बड़े चौराहे पर घनी आबादी के बीच घर बना है।

वहीं जानकारी मिली है कि पुत्तन कई सालों से बिना लाइसेंस के पटाखा व गोला बनाने का काम करते हैं। वहीं सोमवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुत्तन के घर में विस्फोट हो गया। विस्फोट के दौरान धमाका इतना तेज था कि पूरा सदरपुर कस्बा हिल गया। धमाके की चपेट में आने से पुत्तन का पूरा घर मलबे में तब्दील हो गया।

इनके साथ पड़ोस में बनी जाने आलम की दुकान, सद्दाम की कपड़े की दुकान और सलमान की जूते चप्पल की दुकान ढह गई। विस्फोट की चपेट में आने से फातिमा का मकान भी ढह गया। आपको बता दें कि सदरपुर कस्बे में पटाखा बनाने का एक भी लाइसेंस जारी नहीं है। जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने इस पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिये हैं। किन परिस्थितियों में बिना लाइसेंस के पटाखे बनाये जा रहे थे, इसकी जांच होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *