Mon. Apr 20th, 2026

पुरोला के पूर्व विधायक राजेश जुवांठा का निधन, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरोला विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक श्री राजेश जुवांठा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि स्व. राजेश जुवांठा जनसेवा को समर्पित एक सरल, सौम्य और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री जुवांठा ने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। पुरोला विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव रहा और उन्होंने जनता की सेवा को अपना धर्म माना। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवारजनों, परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना के साथ शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. राजेश जुवांठा का निधन न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक गहरा आघात है। उन्होंने लोगों से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *