राहुल के संवाद कार्यक्रम के लिए हाई अलर्ट,पंजीकृत छात्रों को मिलेगा प्रवेश
देहरादून : कांग्रेस ने छात्रों के लिए आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी पूरी संगठनात्मक ताकत मैदान में उतार दी है। कार्यक्रम का स्थल परेड ग्राउंड से बदलकर बन्नू कॉलेज ग्राउंड कर दिया गया है, लेकिन तैयारियों और कार्यकर्ताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। पार्टी का दावा है कि इस आयोजन के लिए ढाई लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। इसी संभावित भीड़ को व्यवस्थित ढंग से संभालने के लिए कांग्रेस की अलग-अलग टीमें लगातार तैयारियों में जुटी हुई हैं।
राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। जानकारी के अनुसार दिल्ली से सुरक्षा प्रभारी के नेतृत्व में करीब 40 से 50 सदस्यीय सुरक्षा दल देहरादून पहुंच चुका है। टीम ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आयोजन स्थल तय होने के बाद से सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी निगरानी और तेज कर दी है। वहीं, छह ट्रकों में लाया गया आयोजन संबंधी सामान भी स्थल पर व्यवस्थित किया जा चुका है और अंतिम तैयारियां जारी हैं।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी छात्रों को संबोधित करेंगे और उनके साथ सीधा संवाद भी करेंगे। इसके लिए पंडाल में विशेष मंच तैयार किया गया है, जहां केवल राहुल गांधी मौजूद रहेंगे। मैदान का आकार सीमित होने और बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बैठने के बजाय अधिकतर प्रतिभागियों के लिए खड़े होकर कार्यक्रम में शामिल होने की व्यवस्था की गई है।
आयोजन के संचालन और छात्रों की सुविधा के लिए कांग्रेस सेवादल के स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वयंसेवक छात्रों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने, उनकी सहायता करने और व्यवस्था बनाए रखने का काम करेंगे। इसके अलावा गर्मी और भीड़ को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि राहुल गांधी के साथ संवाद को लेकर छात्रों में खासा उत्साह है, जिसके चलते ढाई लाख से अधिक पंजीकरण हुए हैं। हालांकि वास्तविक संख्या कार्यक्रम के दिन ही स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि पंडाल में प्रवेश केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगा, जिन्होंने पहले से पंजीकरण कराया होगा। सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी और क्यूआर कोड की व्यवस्था भी रहेगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर छात्र वहीं पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकें।
वरिष्ठ नेताओं के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी के मंच के समीप लगभग 150 वरिष्ठ नेताओं के बैठने की सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें प्रदेश और केंद्रीय स्तर के नेता, विधायक, पूर्व विधायक तथा अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। इस क्षेत्र में प्रवेश केवल वैध पासधारकों को ही दिया जाएगा और बिना पास किसी भी नेता को वहां जाने की अनुमति नहीं होगी।