Sat. Apr 18th, 2026

“देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करती रहूंगी” -महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर स्नेह राणा का संकल्प

देहरादून : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर स्नेह राणा का देहरादून एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। महिला विश्व कप जीतकर लौटने के बाद पहली बार अपने शहर पहुंची स्नेह राणा का ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं से अभिनंदन हुआ। देहरादून के सनौला क्षेत्र की रहने वाली स्नेह राणा के स्वागत में बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट पर पहुंचे।

स्नेह राणा ने कहा कि टीम इंडिया की कड़ी मेहनत और एकजुटता के बल पर यह ऐतिहासिक जीत मिली है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति से मुलाकात टीम के लिए प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने दोनों नेताओं द्वारा दिए गए उत्साहवर्धन के लिए आभार व्यक्त किया। राणा ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वह मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से भी मिलने जा सकती हैं।

स्नेह राणा के बड़े भाई कमल राणा और भाभी ऋचा राणा भी एयरपोर्ट पर उन्हें लेने पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्नेहा ने वर्ल्ड कप से पहले कड़ी मेहनत की थी। कुछ समय पहले लगी चोट के बावजूद उन्होंने जबरदस्त वापसी की और भारत को वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रदर्शन ने न केवल देहरादून बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित किया है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्नेह राणा को फोन पर बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने राणा के लिए 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्नेह राणा ने मेहनत, संकल्प और प्रतिभा से उत्तराखंड का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। उनकी सफलता राज्य की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को सर्वोत्तम सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटियां देश को गौरवान्वित कर रही हैं और स्नेह राणा का प्रदर्शन इसका उज्ज्वल उदाहरण है। मुख्यमंत्री द्वारा सम्मान और प्रोत्साहन राशि की घोषणा पर स्नेह राणा ने धन्यवाद देते हुए कहा कि वह देश और उत्तराखंड का नाम ऊँचा करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *