Tue. Jun 9th, 2026

इंडिया ब्लॉक एकजुट रहे, चेहरा बाद में: राउत

मुंबई: शिवसेना (यूबीटी) के नेता और राज्यसभा सांसदसंजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी से 12 साल के कार्यकाल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की मांग की है। मुंबई में आयोजित एक प्रेस वार्ता में राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता के सामने आकर अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और नीतियों का विस्तृत ब्यौरा देना चाहिए।

राउत ने भाजपा द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और नरेंद्र मोदी की तुलना किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नेहरू ने देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कई बड़े सार्वजनिक संस्थानों एवं उपक्रमों की स्थापना की, जिनका लाभ आज भी देश को मिल रहा है। उनके अनुसार, किसी भी सरकार के लिए नेहरू के योगदान की बराबरी करना आसान नहीं है।

शिवसेना (यूबीटी) नेता ने आरोप लगाया कि मौजूदा दौर में कई लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार को आलोचनाओं का जवाब देने और जनता के सवालों का सामना करने के लिए खुलकर संवाद करना चाहिए।

वहीं, इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर राउत ने कहा कि विपक्षी गठबंधन का मुख्य उद्देश्य एकजुटता बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि किसी एक चेहरे पर चर्चा से ज्यादा जरूरी विपक्षी दलों का साथ मिलकर काम करना है। राउत ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में कोई भी सामान्य नागरिक देश का प्रधानमंत्री बनने की क्षमता रखता है।

गौरतलब है कि हाल ही में इंडिया गठबंधन की बैठक में 25 दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया, जिसमें गठबंधन की रणनीति और भविष्य की राजनीतिक दिशा पर चर्चा की गई। वहीं,उद्धव ठाकरे ने भी विपक्षी दलों से एकजुट रहने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *