Sun. Apr 19th, 2026

“वो एक उड़ान नहीं थी… किसी का पूरा जीवन आसमान में टूट गया”

(शिवम यादव अंतापुरिया)

“जो लौट कर नहीं आए, वो सिर्फ यात्री नहीं थे,
किसी का संसार थे, किसी की उम्मीद थे।”

आधुनिक तकनीकी युग में हवाई यात्रा को सबसे सुरक्षित और तेज़ साधन माना जाता है, परंतु जब कोई विमान हादसा होता है, तो वह महज़ एक दुर्घटना नहीं होती — वह सैकड़ों परिवारों की साँझी पीड़ा, अधूरी प्रार्थनाएँ और बिखरते भविष्य की त्रासदी बन जाती है।
हर बार जब टीवी स्क्रीन पर ‘ब्रेकिंग न्यूज़’ के रूप में विमान दुर्घटना का समाचार आता है, तो लाखों दिल धड़कने लगते हैं… कुछ को अपनों के लौट आने की उम्मीद होती है, कुछ को शवों की शिनाख़्त का इंतज़ार।

पर सवाल यही उठता है –

क्या ये हादसे रोके नहीं जा सकते थे? क्या हमारे पास पर्याप्त चेतावनी नहीं थी? क्या हम केवल आँकड़ों में जीते लोग बन गए हैं?

जब हादसे एक माँ से उसका बेटा छीनते हैं…

जिन्होंने कभी विमान हादसों में अपने परिवारजन खोए हैं, उनसे पूछिए कि दर्द क्या होता है।
एक माँ को जब बेटे का शव पहचानने के लिए कपड़ों के टुकड़े दिखाए जाते हैं,
एक पत्नी को जब अंतिम फोन कॉल ही आखिरी निशानी बन जाती है,
एक बच्चा जब एयरपोर्ट पर खड़ा पूछता है “पापा नहीं आए क्या?”

तो हादसा महज़ तकनीकी विफलता नहीं रह जाता –
वह व्यवस्था की असंवेदनशीलता और हमारे नीति-निर्माताओं की लापरवाही के चेहरे पर धब्बा बन जाता है।

 

सिस्टम की खामियाँ – जो हर उड़ान को असुरक्षित बनाती हैं

भारत और अन्य देशों में हुए प्रमुख विमान हादसे दिखाते हैं कि लापरवाहियों की एक फेहरिस्त है:

मानव त्रुटियाँ: थके पायलट, अनुभवहीन निर्णय, गलत रनवे चयन।
तकनीकी दोष: समय पर निरीक्षण न होना, पुराने विमानों का परिचालन।
मौसम की अवहेलना: बारिश, कोहरा, तूफ़ान – फिर भी उड़ान।
टेबल-टॉप रनवे: जैसे कोझिकोड, मंगलुरु – जहां एक चूक जानलेवा साबित हो सकती है।

जब हम पहले से जानते हैं कि खतरे हैं, तो हम उन्हें टालने के उपाय क्यों नहीं करते?

 

पीड़ित परिवारों की पीड़ा: क्या कोई सुन रहा है?

हादसों के बाद मुआवज़ा घोषित होता है — लेकिन वह भी ‘तथाकथित’ प्रक्रिया का हिस्सा बन चुका है।

कई परिवार वर्षों तक कानूनी पचड़ों में उलझे रहते हैं कुछ को तो अपने परिजन का शव भी सही-सलामत नहीं मिलता जिन घरों के कमाने वाले हादसे में मारे जाते हैं, वहाँ रोज़ी-रोटी की जंग शुरू हो जाती है।

दुखद यह है कि हर हादसे के बाद कुछ दिन शोक, फिर सब सामान्य।
पर उन परिवारों की ज़िंदगी कभी सामान्य नहीं होती।

 

अब ज़रूरत है… जिम्मेदारी की संस्कृति की

हमें ‘जाँच जारी है’ कहने की बजाय यह कहना होगा –
“अब ऐसा दोबारा नहीं होगा, हम बदलेंगे।”

सरकार और उड्डयन मंत्रालय को क्या करना चाहिए?

पूर्व-सावधानी को अनिवार्य करना:
उड़ान से पूर्व रियल-टाइम तकनीकी जाँच हो, और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक हो।

पायलट प्रशिक्षण का सुधार:
थकान, मानसिक तनाव और निर्णय क्षमता की जांच प्रत्येक उड़ान से पहले हो।

मौसम पूर्वानुमान पर निर्भरता:
IMD और DGCA में सीधा तकनीकी लिंक हो – ताकि गंभीर मौसम में उड़ानों को टाला जा सके।

स्वतंत्र जाँच एजेंसी की स्थापना:
राजनीति से स्वतंत्र विशेषज्ञों की टीम हो जो तकनीकी और प्रशासनिक जवाबदेही तय करे।

पीड़ित परिवारों की सुरक्षा:
मुआवज़ा अविलंब और व्यवस्थित हो, और उन्हें दीर्घकालिक मदद मिले — जैसे शिक्षा, पेंशन, मनोवैज्ञानिक परामर्श।

पुराने विमानों को बंद करें:
भारत में अब भी कई विमान 20 वर्ष से अधिक पुराने हैं। इन्हें तत्काल हटाया जाए।

कुछ अंतरराष्ट्रीय उदाहरण: जो हमें शर्मिंदा करते हैं

जापान में आख़िरी बड़ा विमान हादसा 1985 में हुआ था — उसके बाद उनकी शून्य सहनशीलता नीति ने हादसे रोके।
अमेरिका (FAA) की सख़्त निगरानी व्यवस्था और ब्लैक बॉक्स विश्लेषण की पारदर्शिता प्रेरणादायक है।
सिंगापुर व यूएई में सिर्फ तकनीक ही नहीं, नीति और नीयत भी उत्कृष्ट है।

हम क्यों नहीं सीखते?
क्या हम किसी और हादसे का इंतज़ार कर रहे हैं?

अन्ततः हादसे रिपोर्ट नहीं, चेतावनी हैं..

“एक विमान में केवल यात्री नहीं, भविष्य सवार होता है।”
“एक हादसा केवल समाचार नहीं, किसी माँ का संसार उजाड़ देता है।”

अब समय है कि भारत — केवल हादसों की जाँच न करे, हादसों की भविष्यवाणी और रोकथाम को प्राथमिकता दे।

वरना आने वाले सालों में हम फिर वही प्रश्न दोहराते रहेंगे:
“विमान हादसों से कब सबक लेंगे हम?”*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *