Sat. Apr 18th, 2026

बंद घर में मिला युवक का शव, कमरे की कुंडी खुली मिलने से बढ़ा रहस्य

बरेली : कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया इलाके में शनिवार सुबह एक युवक का शव उसके ही घर में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इमरान उर्फ विनय के रूप में हुई है, जो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि उसने करीब तीन साल पहले धर्म परिवर्तन कर एक युवती से शादी की थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं।

पुलिस के अनुसार घटना से कुछ घंटे पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। झगड़े के बाद उसकी पत्नी मुस्कान अपने मायके चली गई थी। बाद में देर रात जब वह अपने परिजनों के साथ वापस लौटी, तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद उसके भाई जाहिद ने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और दरवाजा खोला।

घर के अंदर जाकर जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला, तो इमरान का शव छत के कुंडे से रस्सी और चुन्नी के सहारे लटका मिला। कमरे की कुंडी अंदर से बंद नहीं थी, जिससे मामले में संदेह की स्थिति भी बनी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असल वजह सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *