मसूरी से अंबाला लौट रहे ITBP अधिकारी की सड़क हादसे में मौत
सहारनपुर : सरसावा क्षेत्र में देहरादून-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर झबीरन कट के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में आईटीबीपी अधिकारी समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में आईटीबीपी अधिकारी परमिंदर सिंह (45) और उनके चालक रवि शंकर (35) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में आईटीबीपी अधिकारी का गनर समेत दूसरी गाड़ी में सवार तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, अंबाला निवासी आईटीबीपी अधिकारी परमिंदर सिंह अपने चालक रवि शंकर और गनर जयराम के साथ कार से मसूरी से अंबाला स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव झबीरन के पास पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित हो गई।
अनियंत्रित कार डिवाइडर पार करते हुए दूसरी दिशा से आ रही एक अन्य गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार परमिंदर सिंह और उनके चालक रवि शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। चिकित्सकों ने परमिंदर सिंह और रवि शंकर को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं गनर जयराम सहित दूसरी गाड़ी में सवार तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।