Sun. Apr 19th, 2026

गुरुपूर्णिमा पर कैंची धाम ट्रस्ट का बड़ा सहयोग, 2.5 करोड़ की सहायता

देहरादून:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंची धाम मंदिर ट्रस्ट द्वारा प्रदेश में आपदा पीड़ितों की सहायता हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष में 2.50 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किया जा रहा सहयोग मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए कैंची धाम बाईपास के लिए वन भूमि प्रस्ताव को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है, जिससे अब इस सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सकेगा। इससे कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी और आम जन तथा पर्यटकों को सुगम यातायात की सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य कई योजनाएं भी कैंची धाम में संचालित की जा रही हैं। गुरुपूर्णिमा के अवसर पर आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में मंदिर ट्रस्ट द्वारा प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए 2.5 करोड़ रुपये की राशि का चेक नैनीताल जिले की मुख्य विकास अधिकारी अनामिका को सौंपा गया।

कैंची धाम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ओमप्रकाश बिंद्रा ने बताया कि ट्रस्ट लंबे समय से सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है और शिक्षा, स्वास्थ्य व आपदा प्रबंधन में निरंतर सहयोग करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा अब तक 3000 बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती थी, जिसे बढ़ाकर 5000 कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, जिला प्रशासन के सहयोग से शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने 15 जून को आयोजित कैंची धाम मंदिर स्थापना दिवस के सफल आयोजन में सहयोग हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *