Tue. May 19th, 2026

खंडूड़ी जी का निधन उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति: सतपाल महाराज

देहरादून : प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी का निधन केवल एक राजनीतिक क्षति नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकासवादी और स्वच्छ राजनीतिक मूल्यों के लिए भी एक बड़ी क्षति है।

सतपाल महाराज ने अपने शोक संदेश में कहा कि “खंडूड़ी जी एक अनुशासित सैनिक, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। सेना में मेजर जनरल के पद पर रहते हुए उन्होंने देश की सेवा की और राजनीति में आने के बाद उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देने का कार्य किया।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में खंडूड़ी जी ने राज्य में सड़क, पुल, पेयजल और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया। उनके कार्यकाल में सुशासन और पारदर्शिता को मजबूती मिली तथा जनता के हितों को सर्वोपरि रखा गया। उनके व्यक्तित्व में सादगी, दृढ़ता और सेवा भावना का अद्भुत समन्वय था, जिसके कारण वे सभी राजनीतिक दलों और समाज के हर वर्ग में सम्मानित थे।

सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन में खंडूड़ी जी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उन्होंने राज्य निर्माण और विकास के लिए जो कार्य किए, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।

महाराज ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि पूरा उत्तराखंड आज इस दुःख की घड़ी में खंडूड़ी परिवार के साथ खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *