Sun. Apr 19th, 2026

22 जून को प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान चलाएगा विधिक सेवा प्राधिकरण

देहरादून: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के कार्यकारिणी अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति श्री मनोज तिवारी के दिशा-निर्देशन में 22 जून 2025 को प्रातः 07:00 बजे से तीन घंटे के लिए पूरे प्रदेश में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में जिला देहरादून सहित प्रदेश के सभी जिलों के मुख्यालयों, तहसीलों, ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों, ग्रामसभाओं, नगर पालिकाओं और नगर निगमों के अंतर्गत आने वाले सार्वजनिक स्थलों की सफाई की जाएगी। इस कार्य में समस्त सरकारी व गैर-सरकारी विभाग, स्वयंसेवी संस्थाएं (NGO), बार एसोसिएशन, व्यापार संगठन और आम जनता सामूहिक रूप से भाग लेंगी।

अभियान की शुरुआत “स्वच्छता शपथ” के साथ की जाएगी, जिसके माध्यम से सफाई के प्रति जन जागरूकता और संकल्प को बल मिलेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की सचिव श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने बताया कि इस आयोजन में न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, व्यापार मंडल, नगर निगम तथा स्थानीय नागरिक सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल एक सफाई अभियान नहीं, बल्कि एक सामाजिक संदेश है कि स्वच्छता हम सबकी जिम्मेदारी है। “स्वच्छ दून, सुंदर दून” के इस संकल्प को साकार करने के लिए जिले के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे 22 जून की सुबह निर्धारित समय पर अपने-अपने क्षेत्र में चलने वाले श्रमदान अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

इस प्रयास का उद्देश्य केवल सार्वजनिक स्थानों की सफाई करना ही नहीं है, बल्कि समाज में स्वच्छता के प्रति चेतना जगाना और नागरिकों को जिम्मेदार बनाना है। अभियान में भाग लेने वाले सभी लोगों से आग्रह किया गया है कि वे सफाई के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय जैसे मास्क, दस्ताने और उचित औजारों का प्रयोग करें।यह अभियान उत्तराखंड को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *