Sat. Jun 27th, 2026

रात में टूटी दीवार, हमेशा के लिए बिखर गया एक घर का सपना

उत्तरकाशी / देहरादून: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के मोरी तहसील अंतर्गत राजस्व ग्राम ओडाटा के मोरा तोक स्थित गुजर बस्ती में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक आवासीय मकान की दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मलबे में दबकर मृत्यु हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं।

यह हादसा शुक्रवार रात करीब दो बजे हुआ, जब गुलाम हुसैन के मकान की दीवार अचानक ढह गई। हादसे के समय पूरा परिवार घर के भीतर सो रहा था और सभी मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में 26 वर्षीय गुलाम हुसैन, उनकी 23 वर्षीय पत्नी रुकमा खातून, 3 वर्षीय पुत्र आबिद और 10 माह की पुत्री सलमा की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हृदय विदारक इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार मोरी जब्बर सिंह असवाल, राजस्व उप निरीक्षक, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मलबे में दबे सभी लोगों को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन चारों को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीवार गिरने के पीछे हालिया भारी वर्षा या मकान की कमजोर स्थिति को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में कमजोर भवनों की तत्काल जांच और मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *