Fri. Aug 28th, 2026

भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश

देहरादून : नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक कैफे के अंदर घुसकर भाजपा युवा मोर्चा नेता पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच लोगों ने कैफे में घुसकर संचालक के साथ मारपीट की और धारदार हथियार दिखाकर धमकाया। इस दौरान एक आरोपी ने भाजपा नेता पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने का भी प्रयास किया। हमलावरों ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ की।

पुलिस के अनुसार, केदारपुरम, दीप नगर निवासी भाजपा युवा मोर्चा नेता मयंक असवाल ने पुलिस को तहरीर दी है। मयंक ने बताया कि 25 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह अपने प्रतिष्ठान में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग कैफे में घुस आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।आरोप है कि हमलावरों के पास धारदार हथियार भी थे। अचानक हुए हमले से कैफे में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

तहरीर में मयंक असवाल ने आरोप लगाया कि हमलावरों में शामिल संदीप ने उन पर पेट्रोल डालकर उन्हें आग लगाने की कोशिश की। घटना के समय कैफे में दो युवतियों समेत कुछ ग्राहक भी मौजूद थे। इस घटना से वहां दहशत का माहौल बन गया।मयंक के मुताबिक, हमलावरों ने उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ।

तहरीर में आरोपियों के नाम ईशान चंचल, रोहित, संदीप, सागर और एक अन्य व्यक्ति बताए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ले रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *