रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व: धामी
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी हैं। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व महिलाओं के प्रति आदर और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने का भी संदेश देता है। महिलाओं का सम्मान इस पर्व की महत्वपूर्ण भावना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार के प्रयास निरंतर जारी हैं। महिलाओं को सशक्त किए बिना समृद्ध और विकसित उत्तराखंड की कल्पना पूरी नहीं की जा सकती।उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सशक्तीकरण और उनकी प्रगति के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने तथा एक आदर्श समाज के निर्माण में सहयोगी बनने की अपेक्षा की।