हाईवे पर बड़ा हादसा, बस चालक की लापरवाही से गई तीन जानें
उन्नाव : दही थाना क्षेत्र में कानपुर-लखनऊ हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, रोडवेज बस पहले हाईवे पर आगे चल रहे एक डंपर से टकरा गई थी। टक्कर के बाद बस में सवार कुछ यात्री नीचे उतरकर क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण करने लगे। इसी दौरान चालक ने लापरवाही बरतते हुए बस को पीछे कर दिया, जिससे वहां खड़े चार लोग उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में राजेंद्र (50) पुत्र स्वामी प्रसाद, निवासी मदनपुर, थाना कप्तानगंज, जिला बस्ती और रामनरेश (40) पुत्र रामदास, निवासी तुलसी तारा, थाना पूरा कलंदर, जनपद अयोध्या की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। वहीं, बस का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रामनरेश अपनी पत्नी के साथ कानपुर में अपने ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे बस चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।