Mon. Jul 6th, 2026

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, उत्तराखंड में बारिश को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और सोमवार को मौसम विभाग ने बागेश्वर जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, हरिद्वार सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी दिनभर अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि सात से 11 जुलाई के बीच राज्यभर में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रविवार को देहरादून में मौसम का मिजाज पूरे दिन बदला हुआ नजर आया। आसमान पर घने बादल छाए रहने से गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन बारिश पूरे शहर में समान रूप से नहीं हुई। कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर केवल बादल छाए रहे और बारिश नहीं हुई।

सुबह करीब 11 बजे राजपुर रोड क्षेत्र में तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा शहर के कुछ अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में लोग बारिश का इंतजार करते रहे।

दिनभर धूप नहीं निकलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। बादलों और ठंडी हवाओं की वजह से मौसम काफी सुहावना रहा, जिससे लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस से राहत मिली। मौसम अनुकूल रहने के कारण पार्कों और बाजारों में भी लोगों की आवाजाही बढ़ी। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं और आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *