चकराता घूमने निकले युवकों की यात्रा बनी हादसा, दो की मौत, तीन हायर सेंटर रेफर
देहरादून: चकराता घूमने जा रहे पर्यटकों की कार रविवार शाम साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। ग्राम भेवना के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर तोड़ते हुए करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मेरठ के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बिजनौर के तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पांचों युवक चकराता के प्रसिद्ध मोइला टॉप की ओर जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे ग्राम भेवना के पास वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे गहरी खाई में जा समाई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकालकर साहिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
हादसे में बिजनौर जिले के शिवाला कला निवासी विशु, नूरपुर निवासी भुवन और किरतपुर निवासी प्रशांत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
वहीं, मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी ऋषभ और शैंकी की दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।