Sun. Apr 19th, 2026

निकाय चुनावों में हार से विपक्ष हताश, सतपाल महाराज का बयान

देहरादून/गैरसैंण : प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने विपक्ष के रवैये पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए मानसून सत्र गैरसैंण में आयोजित करने का निर्णय लिया, लेकिन विपक्ष ने बार-बार हंगामा कर सदन की मर्यादा को भंग किया।

सतपाल महाराज ने कहा कि विपक्ष कानून व्यवस्था पर चर्चा चाहता था, लेकिन खुद नियम-कानून का पालन करने को तैयार नहीं था। हाल ही में हुए निकाय चुनाव और पंचायत निकायों में भाजपा को मिले जनादेश से विपक्ष निराश है, इसलिए उसने सदन में अमर्यादित आचरण कर जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी की।

मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने सदन के भीतर और बाहर लगातार अवरोध खड़े किए, जिससे सत्र असमय समाप्त करना पड़ा और प्रश्नकाल हंगामे की भेंट चढ़ गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष नहीं चाहता था कि जनता से जुड़े कल्याणकारी मुद्दों पर चर्चा हो और वह केवल अपने राजनीतिक हित साधने में लगा रहा।

सतपाल महाराज ने कहा कि विपक्ष का यह रवैया प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी, क्योंकि उसने जन आकांक्षाओं का गला घोंटने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *