Sun. Apr 19th, 2026

विद्यालय भवन, चारदीवारी, खेल मैदान और शौचालयों का होगा पुनर्निर्माण

देहरादून : विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त स्कूलों का जल्द पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने राज्य मोचन निधि से स्वीकृत बजट में से जनपदवार 20 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इस संबंध में विद्यालयी शिक्षा महानिदेशालय ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों और अन्य परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा किया जाए और मार्च 2026 तक उपयोगिता प्रमाण पत्र शिक्षा महानिदेशालय को उपलब्ध कराया जाए।

प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित विद्यालय भवनों, चारदीवारी, खेल मैदान, शौचालयों और अन्य संरचनाओं को पुनर्निर्मित किया जाएगा। इसके लिए महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा ने मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर आवंटित धनराशि का शीघ्र व्यय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपद को 2-2 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है, जबकि देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग, चंपावत और बागेश्वर जिले को 1-1 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और उनकी निगरानी भी की जाए। अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि योजना के अंतर्गत होने वाले कार्यों का उपयोगिता प्रमाण पत्र समयसीमा के भीतर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूलों के पुनर्निर्माण के लिए जनपदवार धनराशि जारी कर दी गई है। सभी जिलों के सीईओ को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावित स्कूलों में शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों का पुनर्निर्माण समय पर पूरा हो सके और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *