Fri. Jul 10th, 2026

कलेक्ट्रेट प्रदर्शन के बाद बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी, मेरठ दौरे पर चंद्रशेखर आजाद

मेरठ: छात्रा हत्याकांड को लेकर जिले की सियासत गरमा गई है। कलेक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन के बाद राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आज़ाद आज पीड़ित परिवार से मिलने मेरठ पहुंचेंगे।

चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने मेरठ दौरे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह रोहटा रोड क्षेत्र के गांव में जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। साथ ही कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।

इधर, सरधना से समाजवादी पार्टी के विधायक Atul Pradhan ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग को शिकायत भेजी है। शिकायत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस, थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

विधायक का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कलेक्ट्रेट का मुख्य द्वार बंद कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया और महिलाओं तथा बच्चों सहित कई लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए बल प्रयोग किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो व अन्य सामग्री को भी जांच के लिए साक्ष्य के रूप में आयोग को उपलब्ध कराने की बात कही है।

उधर, छात्रा हत्याकांड के मुख्य आरोपी अंकुश चौधरी के भाई अंकित, जो 24वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद में कांस्टेबल के पद पर तैनात है, को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले को सौंपी गई है।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच के दौरान कुछ वीडियो और अन्य सामग्री भी सामने आई है, जिनकी पड़ताल की जा रही है। इन्हीं प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर संबंधित कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए निलंबन का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट और विधिक राय मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *