Fri. Jun 26th, 2026

प्री-मानसून गतिविधियां तेज, उत्तराखंड में बढ़ेगी बारिश की रफ्तार

देहरादून : उत्तराखंड में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, जबकि इस दौरान राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां भी जारी रहेंगी।

शुक्रवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में गर्जन, तेज बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार तक दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी सीमा पर सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुका था। इसके आधार पर अगले तीन-चार दिनों में उत्तराखंड में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है।

विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 जून को प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *