Fri. Jun 12th, 2026

लखनऊ से दिल्ली तक आंदोलन की तैयारी, सीजेपी ने किया बड़े प्रदर्शन का ऐलान

लखनऊ : राजधानी के ईको गार्डेन में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी लखनऊ पहुंचे। उन्होंने कहा कि संगठन का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और युवाओं की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से उठाया जाएगा। ईको गार्डेन पहुंचने पर वह कुछ समय के लिए भीड़ में फंस गए, हालांकि बाद में प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर उनकी मांगों का समर्थन किया।

सीजेपी इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर और पुणे में भी इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर चुकी है। संगठन ने घोषणा की है कि लखनऊ के बाद अमृतसर और बेंगलुरु में भी आंदोलन किया जाएगा। इसके अलावा 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े स्तर पर प्रदर्शन आयोजित करने की तैयारी है।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से सतर्क था। ईको गार्डेन और आसपास के इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की टीमों को भी मौके पर लगाया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *