Sat. Apr 18th, 2026

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राहत कार्यों की प्रधानमंत्री ने की गहन समीक्षा

देहरादून : उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आपदा राहत कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी ली और राहत एवं बचाव अभियानों की ताजा स्थिति तथा भविष्य की चुनौतियों पर राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (से.नि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसदों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।

प्रधानमंत्री ने धराली, थराली सहित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की सराहना की। उन्होंने राहत व बचाव कार्यों में जुटे कार्मिकों से मुलाकात कर उनके अनुभव साझा किए और आपदा पीड़ितों से मिलकर उनका ढांढस बंधाया। प्रधानमंत्री ने प्रभावितों को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री को आपदा से हुई क्षति और प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रभावितों तक तेजी से राहत पहुंचाना संभव हुआ है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें और सार्वजनिक परिसंपत्तियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं और उनकी बहाली के लिए युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है।

इस मौके पर सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, त्रिवेंद्र सिंह रावत, अनिल बलूनी, माला राज्य लक्ष्मी शाह, नरेश बंसल, कल्पना सैनी, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आपदा प्रभावित राज्य के लिए राहत पैकेज की घोषणा पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की जनता की ओर से उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं राज्य आकर आपदा पीड़ितों का दुख-दर्द साझा किया है, जो उनकी आत्मीयता और संवेदनशीलता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा से निपटने में पूरी क्षमता से कार्य कर रही है और केंद्र सरकार का सहयोग पहले दिन से ही निरंतर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *