Mon. Sep 28th, 2026

CEC ज्ञानेश कुमार के घर पर प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक

आगरा : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर स्थित मूल निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। एसआईआर के दौरान कथित तौर पर वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर किए गए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके घर पर कालिख पोत दी और आपत्तिजनक शब्द लिख दिए, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया।

जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर और प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास पर पहुंचे। अनिल यादव ने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी, उन्हें पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

मुकेश धनगर ने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटना उसके लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने भाजपा के साथ मिलकर वोटों में हेरफेर कर सरकार बनाने में मदद की। उन्होंने मथुरा में भी वोटों में कथित हेरफेर के जरिए भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी को चुनाव जिताने का आरोप लगाया। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस नेताओं के हैं।

धनगर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे देश में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया की तैयारी कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन में उमेश शर्मा, विक्रम बाल्मीकि, मनोज गौड़, आदित्य तिवारी, विपुल पाठक, बालवीर प्रधान, हाकिम सिंह छोकर, करण निषाद, राजा गौतम, नरेंद्र शर्मा, पंकज चौधरी, शैलेंद्र चौधरी, धर्मेंद्र सिंह प्रधान, अमित दीक्षित और संदीप समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *