Sat. Jun 20th, 2026

पेपर लीक और NEET विवाद पर थाली-चम्मच बजाएंगे प्रदर्शनकारी

नई दिल्ली : देश की परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और नीट विवाद जैसे मुद्दों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) शनिवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी के अनुसार यह प्रदर्शन दोपहर एक बजे शुरू होगा, जिसमें कार्यकर्ता थाली और चम्मच बजाकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाएंगे।

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने उन छात्रों के परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की है, जिनकी परीक्षा संबंधी विवादों के बीच कथित तौर पर आत्महत्या से मौत हुई। पार्टी निष्पक्ष और समयबद्ध जांच, नीट विवाद से प्रभावित छात्रों को न्याय, परीक्षाओं में अधिक पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सख्त नीतिगत कदम उठाने की मांग कर रही है।

पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की है। शुक्रवार को जारी एक वीडियो संदेश में अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले समर्थकों से थाली और चम्मच साथ लाने की अपील की। उनका कहना है कि परीक्षा संबंधी लगातार सामने आ रहे विवादों ने छात्रों और अभिभावकों का शिक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर किया है।

सीजेपी ने दावा किया है कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। वांगचुक ने सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों के मुद्दों और शिक्षा सुधार की मांगों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।

विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है, जबकि लगभग 270 बॉडी-वर्न कैमरों से पुलिसकर्मी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। प्रदर्शन स्थल और आसपास की सड़कों पर बहुस्तरीय बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस अड्डों और दिल्ली की सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *